• Fri. Aug 21st, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

हाईकोर्ट, कॉलेज और कॉलोनियों से एयरपोर्ट तक ई-बस की कनेक्टिविटी की पहल… बोदरी प्रेसिडेंट इन काउंसिल के सदस्यों की मांग पर कलेक्टर का भरोसा, एयरपोर्ट तक बढ़ेगी ई-बस सेवा…

बिलासपुर, अगस्त, 21/2026

हाईकोर्ट, कॉलेज और कॉलोनियों से एयरपोर्ट तक ई-बस की कनेक्टिविटी की पहल…

बोदरी प्रेसिडेंट इन काउंसिल के सदस्यों की मांग पर कलेक्टर का भरोसा, एयरपोर्ट तक बढ़ेगी ई-बस सेवा…

बिलासपुर। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में आगामी दिसंबर माह से शुरू होने जा रही ई-बस सेवा का दायरा बढ़ाने की मांग ने जोर पकड़ा है। नगर पालिका परिषद बोदरी के प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) के सदस्यों ने ई-बस सेवा को बोदरी क्षेत्र से होते हुए बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट तक संचालित करने की मांग को लेकर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने मांग का समर्थन करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

वर्तमान में प्रस्तावित ई-बस सेवा का लाभ बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की जनता को मिलने वाला है। बोदरी नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि इस सेवा का विस्तार बोदरी क्षेत्र तक कर दिया जाता है, तो इससे हजारों लोगों को सीधे और सस्ती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। खासकर विद्यार्थियों, कर्मचारियों, नौकरीपेशा लोगों और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।

पीआईसी सदस्यों ने मांग की है कि ई-बस सेवा का मार्ग नगर निगम क्षेत्र से आगे बढ़ाकर रामावैली, आशीर्वाद वैली, एलसीआईटी कॉलेज, बिलासा नर्सिंग कॉलेज, सृष्टि समृद्धि कॉलोनी, त्रिवेणी डेंटल कॉलेज, गीतांजलि एरा, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, चकरभाटा मार्केट और बोदरी होते हुए बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट तक किया जाए। इस मार्ग के शुरू होने से बोदरी और आसपास के रहवासियों को शहर के प्रमुख संस्थानों के साथ एयरपोर्ट तक सीधी सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बोदरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में शैक्षणिक संस्थान, आवासीय कॉलोनियां और महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान हैं। रोजाना बड़ी संख्या में लोग बिलासपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। वर्तमान में निजी वाहनों या अन्य साधनों पर निर्भरता के कारण लोगों को अधिक खर्च और समय दोनों वहन करना पड़ता है। ई-बस सेवा के विस्तार से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

नगर पालिका बोदरी की अध्यक्ष श्रीमती नीलम विजय वर्मा के पत्र के साथ पीआईसी सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि दिसंबर में शुरू होने वाली ई-बस सेवा को बोदरी और एयरपोर्ट तक बढ़ाया जाता है तो इसका लाभ केवल बोदरी और बिलासपुर की जनता को ही नहीं, बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को भी मिलेगा।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि एयरपोर्ट तक सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और लोगों को निजी वाहन अथवा महंगे परिवहन साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही उच्च न्यायालय, कॉलेजों और प्रमुख आवासीय क्षेत्रों को जोड़ने से विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी प्रतिदिन बड़ी राहत मिलेगी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों की मांग को सकारात्मक रूप से लेते हुए इस दिशा में पूरे सहयोग का आश्वासन दिया। कलेक्टर के आश्वासन के बाद जनप्रतिनिधियों ने उनका आभार जताया और उम्मीद जताई कि ई-बस सेवा के मार्ग विस्तार को जल्द मंजूरी मिलेगी।

इस अवसर पर नगर पालिका बोदरी के सभापति विजय वर्मा, श्याम आर्य, आशीष खत्री, फिरतूराम बनवारे, लक्ष्मी नारायण मरावी, दीपक जगवानी, विष्णु साहू, जोहित राम धुरी सहित अन्य पार्षदगण उपस्थित रहे।

 

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed