बिलासपुर, अगस्त, 24/2026
दाऊ श्री मेडिकल के अवैध निर्माण पर निगम की सख्ती, तीन दिन में जवाब नहीं तो चलेगा बुलडोजर…
बिना अनुमति तीसरी मंजिल का निर्माण कराने पर निगम ने काम रुकवाया, भवन के दस्तावेज और अवैध निर्माण हटाने के दिए निर्देश..
बिलासपुर। मंगला चौक से उसलापुर मुख्य मार्ग पर दाऊ श्री मेडिकल के भवन में बिना अनुमति कराए जा रहे निर्माण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम की ओर से भवन मालिक को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद कराया और भवन संबंधी सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के साथ अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए हैं। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर निगम प्रशासन स्वयं तोड़फोड़ की कार्रवाई करेगा।
तीसरी मंजिल का निर्माण बना कार्रवाई की वजह
दाऊ श्री मेडिकल के भवन में तीसरी मंजिल का निर्माण नगर निगम से आवश्यक अनुमति लिए बिना कराए जाने की शिकायत निगम प्रशासन से की गई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए निगम ने भवन मालिक को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तत्काल रोकने और अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। साथ ही भवन की संपत्तिकर रसीद, स्वीकृत नक्शा और भवन अनुज्ञा सहित अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था।
इसके बावजूद भवन मालिक की ओर से निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद बीते शुक्रवार को निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद कराया। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि यदि अवैध निर्माण नहीं हटाया गया और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो निगम अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा।
मेडिकल के बाजू में शासकीय जमीन पर दो दुकानों का भी आरोप
मामला केवल तीसरी मंजिल के निर्माण तक सीमित नहीं है। दाऊ श्री मेडिकल भवन के बाजू में शासकीय जमीन पर कब्जा कर दो दुकानों का निर्माण कराए जाने की भी शिकायत सामने आई है। शिकायत के मुताबिक, दोनों दुकानों के निर्माण के लिए भी निगम से अनुमति नहीं ली गई है। इनमें से एक दुकान किराए पर संचालित होने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरी दुकान फिलहाल बंद है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर दूसरी दुकान का निर्माण किया गया है, वहां पहले मंदिर हुआ करता था। आरोप है कि मंदिर को हटाकर वहां दुकान का निर्माण कर दिया गया। इसके अलावा दोनों दुकानों पर बिना अनुमति होर्डिंग लगाए जाने की बात भी सामने आई है।

अब निगम की अगली कार्रवाई पर नजर
निगम की ओर से नोटिस जारी होने और मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद कराने के बाद अब कार्रवाई आगे बढ़ने की संभावना है। देखना होगा कि भवन मालिक निगम के निर्देशों का पालन करते हुए अवैध निर्माण स्वयं हटाता है या फिर निगम प्रशासन को बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करनी पड़ेगी।
Author Profile
Latest entries
राजनीति13/09/2026मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर सेवा संकल्प अभियान… 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम…
बिलासपुर13/09/2026विधायक के जन्मदिन में सड़क बनी जश्न का मंच, जनता घंटों जाम में हलाकान; यातायात प्रशासन सवालों के घेरे में ?
Uncategorized13/09/2026सरकंडा पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब पिलाने वालों समेत 7 बदमाशों पर कार्रवाई
अपराध13/09/2026सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के दो मामलों में सफलता… कंप्यूटर उपकरण और एक्टिवा स्कूटी बरामद, नाबालिग सहित दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में…
