• Thu. Oct 1st, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

बिलासपुर में अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई… अलग-अलग क्षेत्रों से 86 लीटर से अधिक महुआ शराब और लहान जब्त, कई आरोपी जेल भेजे गए…

बिलासपुर, मई, 12/2026

बिलासपुर में अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई…

अलग-अलग क्षेत्रों से 86 लीटर से अधिक महुआ शराब और लहान जब्त, कई आरोपी जेल भेजे गए…

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में महुआ शराब और लहान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, जिला बिलासपुर से मिली जानकारी अनुसार सीपत क्षेत्र में प्रभारी तेलेस्फोर एक्का ने ग्राम बाम्हू थाना सीपत में कार्रवाई करते हुए आरोपी संजू निर्मलकर के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त की। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया।

इसी क्रम में मस्तूरी वृत्त प्रभारी सुश्री ऐश्वर्या मिंज ने अलग-अलग गांवों में कार्रवाई की। ग्राम कोकड़ी थाना पचपेड़ी में आरोपी मोहित धनवार (25 वर्ष) के पास से 9.5 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं ग्राम देवगांव थाना मस्तूरी में आरोपी विशाल खांडेकर (24 वर्ष) के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इसी गांव में संतोषी खांडेकर (32 वर्ष) के पास से 8.5 लीटर महुआ शराब तथा 15 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर जेल भेजा गया।

उधर बिल्हा वृत्त प्रभारी छबि पटेल ने चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में कार्रवाई करते हुए सुरेश कुर्रे के कब्जे से 18 लीटर महुआ शराब जब्त की और आरोपी को जेल दाखिल कराया।

विभाग ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले आबकारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला ने ग्राम गनियारी थाना कोटा में दिलेश्वरी वर्मा के पास से 20 लीटर महुआ शराब जब्त कर कार्रवाई की थी।

आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार गश्त और कार्रवाई जारी रहेगी।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor