• Tue. Aug 11th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

गतौरा शराब भट्ठी लूटकांड का खुलासा,, कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश,, 3 आरोपी गिरफ्तार,, गैस कटर-चाकू समेत सामान बरामद…

बिलासपुर, अगस्त, 11/2026

गतौरा शराब भट्ठी लूटकांड का खुलासा,, कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश,, 3 आरोपी गिरफ्तार,, गैस कटर-चाकू समेत सामान बरामद…

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ACCU बिलासपुर और थाना मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू सहित अन्य औजार बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे और कर्ज चुकाने के लिए बड़ी रकम हासिल करना चाहते थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने शराब दुकान के लॉकर को काटकर उसमें रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी। वारदात के लिए गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू सहित अन्य सामान जुटाया गया था।

आरोपियों ने वारदात के लिए पहले मोपका स्थित शराब दुकान को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन आसपास चहल-पहल अधिक होने के कारण वहां वारदात को अंजाम नहीं दिया। इसके बाद आरोपी चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा स्थित शराब दुकान पहुंचे।

सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर बनाया बंधक

पुलिस ने बताया कि 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे करीब चार नकाबपोश आरोपी गतौरा शराब दुकान पहुंचे। सभी ने काले कपड़े पहन रखे थे। आरोपियों ने वहां तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज को चाकू दिखाकर दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और दाहिने हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राइंडर कटर मशीन तथा छेनी की मदद से लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं टूट सका।

नकदी नहीं मिली तो मोबाइल, शराब और CCTV DVR ले गए

लॉकर नहीं टूटने और नकदी हाथ नहीं लगने पर आरोपियों ने दुकान के काउंटर में रखी कुछ शराब की बोतलें, सुरक्षाकर्मियों के दो मोबाइल फोन और CCTV कैमरा एवं DVR अपने साथ ले लिया। इसके बाद आरोपी दोपहिया वाहनों से मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने CCTV फुटेज से कोई सुराग न मिले, इसके लिए घटना के बाद DVR को नदी में फेंक दिया था।

तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात नकाबपोश आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी और ACCU की संयुक्त टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार…

1. अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24), निवासी देखरीखुर्द, थाना तोरवा

2. पिंटू निषाद (25), निवासी धान मंडी के पीछे, तोरवा

3. सुशील निर्मलकर (24), निवासी हेमूनगर अटल आवास, थाना तोरवा 

आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नीले रंग की स्कूटी, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, धारदार चाकू, छेनी, दो मोबाइल फोन और अन्य औजार बरामद किए गए हैं।

एक आरोपी अब भी फरार, पूर्व में शराब दुकानों से करता था कैश कलेक्शन

मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में कार्यरत था और शासकीय मदिरा दुकानों से नकद राशि कलेक्शन का काम करता था। मामले में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed